भोपाल | 30-जनवरी-2021 |
भोपाल को देश की सबसे सुंदर राजधानी बनाने की मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा अनुरूप अनेक विकास और निर्माण कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से क्रियान्वित किया जाएगा। शनिवार को संभागायुक्त श्री कवीन्द्र कियावत सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने विकास कार्य-योजना को अंतिम रूप दिया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एक फरवरी को रोडमेप की समीक्षा करने के साथ कईं विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। अनुमानित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एक फरवरी को स्मार्ट सिटी ऑफिस में भोपाल की विकास योजना की समीक्षा करेंगे। वर्ष 2026 से 2031 तक भोपाल में बेहतर तरीके से पर्यटन, शैक्षणिक, औधोगिक राजधानी बनाने के लिए आगामी समय में क्या-क्या किया जाएगा इसके लिए बनाई गई कार्ययोजना को भी देखेंगे। भविष्य की संभावना को देखते हुए आम जनता के लिए किस प्रकार की आधारभूत संरचना का निर्माण किया जा सकता है और वर्ष 2026 की आवश्यकता के अनुसार इसको और कैसे व्यवस्थित किया जाए इस पर भी मंथन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान सोमवार को सुबह 10:30 बजे भोपाल शहर के भ्रमण पर भी निकलेंगे। इस दौरान वे बुलवर्ड स्ट्रीट का लोकार्पण एमपी नगर चौराहा, मेट्रो, वीआईपी रोड, करोंद चौराहा सौंदर्यीकरण, ब्रिज का लोकार्पण, भानपुर खंती पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण एवं अन्य विकास कार्यों का भूमि पूजन, लोकार्पण करेंगे। भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री इसके बाद भोपाल शहर और जिले के विकास के लिए बनाई गई अल्पकालीन, मध्यकालीन और दीर्घकलिक योजना की समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक में मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक और अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे संभागायुक्त श्री कवीन्द्र कियावत ने बताया कि भोपाल शहर को देश का सबसे सुंदर शहर और राजधानी बनाने के लिए तीन स्तरीय कार्य योजनाएं बनाई गई हैं। आगामी समय में जनता की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए मल्टी लेवल पार्किंग, ड्रेनेज सिस्टम, पीने की पानी की व्यवस्था, रोड चौड़ीकरण भोपाल का सौंदर्यीकरण, पर्यटन की संभावना, स्थानीय स्तर पर छात्र-छात्राओं के लिए रोजगार की व्यवस्था, भोपाल में आईटी पार्क का निर्माण,नए रैन बसेरा आदि के संबंध में भी कार्य योजना बनाई गई है। वर्ष 2026 में जनसंख्या के आधार पर आधारभूत संरचना और 2031 की संभावनाओं के आधार पर नागरिकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए व्यवस्थाओं को योजना में शामिल किया गया है। दीर्घकालीन परियोजना और जरूरत के लिए अलग परियोजनाओं का भी खाका बनाया गया है। समीक्षा बैठक में 2021 की वर्तमान परिस्थितियों के साथ-साथ 2026 की आवश्यकता और 2031 के लिए तैयारियों का विवरण रखा जाएगा, इसमें मेट्रो रेल परियोजना के संबंध में भी चर्चा की जाएगी। शनिवार को स्मार्ट सिटी ऑफिस में संपन्न तैयारी बैठक में संभाग आयुक्त ने कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर, सीईओ स्मार्ट सिटी के साथ संयुक्त रूप से समीक्षा की। बाद में प्रस्तावित लोकार्पण और निरीक्षण स्थलों का भ्रमण और निरीक्षण भी किया गया। |
Social Plugin