बैतूल | 24-दिसम्बर-2019 |
आज गरीबी केवल आर्थिक रूप से नहीं है। लोगों में परस्पर भाईचारा, सद्भावना, आत्मीयता खत्म होती जा रही है, लालच बढ़ रहा है। आज की वर्तमान स्थिति में राजनैतिक गरीबी सबसे ज्यादा चरम पर है। सत्ता पाने के लिए हिंसा का प्रयोग करना मानसिक गरीबी का सबसे बड़ा उदाहरण है। यह कहते हुए जय जगत यात्रा के नेतृत्वकर्ता श्री राजगोपाल पीव्ही ने सभी को संबोधित किया। उन्होंने कहा की विश्व में शांति और न्याय के लिए जय जगत 2020 पदयात्रा, दुनिया में विधमान आर्थिक गरीबी के साथ साथ राजनैतिक, सामाजिक, शैक्षणिक आदि सभी गरीबी के उन्मूलन की यात्रा है। बैतूल के भडूस गांव में स्विट्जरलैंड के डेमिन ने कहा कि स्विट्जरलैंड में स्थानीय स्तर के राजनैतिक और समाजिक कार्यों में स्थानीय लोगों की हिस्सेदारी होने से शहरों में कूड़े प्लास्टिक का रख रखाव, आपसी समस्या निवारण, औरतों के सशक्तिकरण के लिए आंगनवाड़ी जैसी चीजें हो पायी हैं, जो लोगों के जीवनशैली में एक सकारात्मक बदलाव लाने में सफल रही है। यात्रा के स्वागत में आये बैतूल से पूर्व विधायक श्री विनोद डागा ने यात्रा का स्वागत करते हुए अपने कार्यों के बारे में बताया कि मुझे हमेशा से लगता था कि अगर अधिकार और राजनैतिक सत्ता ग्राम पंचायत में चली जाएगी तो बाकी राजनैतिक नेता क्या करेंगे। लेकिन अपने जीवन में सत्ता में रहते हुए यह पाया की धरातल पर कार्य होने के लिए और समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचने के लिए सत्ता का स्थनीय विकेंद्रीकरण होना जरूरी है। पूरे देश में पंचायती राज होना जरूरी है। भारतीय राजनीति में 5 साल जनता की सेवा कर पाना अपने आप में गौरव की बात है। और इस भावना के साथ ही हम भारत के हर गाँव को सुदृढ़ बना पायेंगे। और गांधी के सपनों का भारत बना पाएंगे। राजनीति में आने वाले सभी नेताओं और सरकारी लोगों में आत्मीयता की भावना होना आज बहुत जरूरी हो गया है। 02 अक्टूबर 2019 से शुरू जय जगत 2020 वैश्विक पदयात्रा के 84 दिन पूरे होकर यात्रा दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तरप्रदेश के ललितपुर, मध्यप्रदेश के मुरैना, सबलगढ़, ईशागढ, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, भोपाल, होशंगाबाद, हरदा होते हुए बैतूल जिले में प्रवेश कर चुकी है। पूरी दुनिया में गरीबी उन्मूलन, जलवायु संकट, असमानता खत्म करने और युद्ध रहित दुनिया के संदेश के साथ विश्व के 16 देशों से 50 पदयात्री पूरे 365 दिन तक 10 देशों ईरान, अर्मेनिया, जॉर्जिया, बुल्गारिया, क्रोएशिया, इटली आदि से होते हुए अगले वर्ष अक्टूबर 2020 में स्विट्जरलैंड, जिनेवा पहुंचेंगे। यह यात्रा बैतूल से छिंदवाड़ा होते हुए 30 जनवरी को महाराष्ट्र वर्धा पहुँचेगी। यात्रा के स्वागत में बैतूल पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेयन के साथ अधिकारी, भडुस सरपंच माधुरी पंवार, ग्राम सचिव कृष्ण कुमार देवासे के साथ स्थानीय लोग मौजूद रहे। वहीं यात्रा के दौरान अलग अलग जगह पर लोगों ने पदयात्रियों का स्वागत किया। |
Social Plugin